उठो हिम्मत करो ~ Motivation Hindi



उठो, हिम्मत करो ! जीवन शोक करने के लिए नहीं है। यह जिन्दगी काम करने के लिए है। अपने रास्ते में पड़ी हुई रुकावटें देखकर घबराओ मत । ये रुकावटें आपकी हित चिन्तक हैं। ये जीवन को उन्नत करने के साधन हैं।
इस संसार में प्रत्येक आत्मा का कोई न कोई उद्देश्य है। ईश्वर ने कोई भी वस्तु निरर्थक उत्पन्न नहीं की है। महान यंत्र का प्रत्येक पुर्जा किसी अभिप्राय के लिए है। सोचो, वह अभिप्राय कौन सा है?
यदि आपने उस अभिप्राय को जान लिया। उसको सिद्ध करने के लिए आपको बड़ी-बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है |  
तो भी, विश्वास करो कि कठिनाइयों को दूर करने के साधन भी वहीं मौजूद हैं। साधनों को जानना, उनका ठीक-ठीक प्रयोग करना, उसी के अनुसार कार्य सिद्ध करना, यही सच्चा जीवन है |
यदि ऐसा किया होता तो कभी भी यह उदासीनता न आती। उदासीनता का आ जाना ही इस बात का संकेत है कि आपने अपने जीवन के उद्देश्य को समझा ही नहीं और हिम्मत हार बैठे हैं।
संसार आपको दुखमय दिखाई दे रहा है | सब भाई बन्धु मित्र, आपको अपने शत्रु जान पड़ते हैं। आप जिधर दृष्टि उठाते हैं कष्ट ही कष्ट दिखाई देते हैं। निराशा आपको आत्महत्या करने के लिए प्रेरित करती है, क्या इससे तुम्हारे दुखों का अन्त हो जायगा?
जरा होश में आकर विचार करो | कभी नहीं, हरगिज नहीं। आप एक जगह से भागकर दूसरी जगह जाना चाहते हैं लेकिन जहाँ आप जायेंगे, संकल्प विकल्पों का चिट्ठा साथ ले जायेंगे। वह पीछा नहीं छोड़ेगा। आप जहाँ जायेंगे, वहीं यह भूत साथ जायगा। यदि स्वर्ग में आप पहुँच जायें तो वह नरक दिखाई देगा। आप इस भूत को पीछे नहीं छोड़ सकते। इस भूत को यहीं मार कर भगाना ठीक है।
इस निराशा के जाल को यहीं काट सकते हैं। उदासीनता छोड़ कर ऊपर दृष्टि डालिये। अपनी आत्मा को इन लताओं से विमुक्त कीजिये ईश्वर ने यह जीवन काम करने के लिए दिया है। इस जीवन का कोई खास उद्देश्य है। उस उद्देश्य को जानिये। अपनी शक्तियों की पड़ताल कीजिये और उनका ठीक-ठीक उपयोग करना सीखिये।
स्मरण रखिये, रुकावटें और कठिनाइयाँ आपकी हित चिन्तक हैं। वे आपकी शक्तियों का ठीक-ठीक उपयोग सिखाने के लिए हैं, वे मार्ग के कंटक हटाने के लिए हैं। वे आपके जीवन को आनंदमय बनाने के लिए हैं। जिनके रास्ते में रुकावटें नहीं पड़ीं, वे जीवन का आनन्द ही नहीं जानते। उनको जिन्दगी का स्वाद ही नहीं आया | जीवन का रस उन्होंने ही चखा है, जिनके रास्ते में बड़ी बड़ी कठिनाइयाँ पड़ी हैं। वे ही महान आत्मा कहलाये हैं, उन्हीं के जीवन, जीवन कहला सकते हैं।
उठो ! उदासीनता त्यागो। प्रभु की ओर देखो। वे जीवन के पुंज हैं। उन्होंने आपको इस संसार में निरर्थक नहीं भेजा। उन्होंने जो श्रम आपके ऊपर किया है, उसको सार्थक करना आपका काम है। यह संसार तभी तक दुःखमय दिखाई देता है, जब तक कि हम इसमें अपना जीवन की आहुति नहीं करते। बलिदान हुए बीज पर ही वृक्ष का उद्भव होता है। फूल फल उसके जीवन की सार्थकता सिद्ध करते हैं।
सदा प्रसन्न रहो। मुसीबतों का खिले चेहरे से सामना करो। “आत्मा सब से बलवान है” इस सच्चाई पर दृढ़ विश्वास रखो। यह विश्वास “ईश्वरीय विश्वास” है। इस विश्वास द्वारा आप सब कठिनाइयों पर विजय पा सकते हैं। कोई कायरता आपके सामने ठहर नहीं सकती। इसी से आपके बल की वृद्धि होगी। यह आपकी आन्तरिक शक्तियों का विकास करेगा।
अतएव निर्भय होकर अपने जीवन के उद्देश्य पर डट जाओ किसी से भय मत करो, क्योंकि भय आपके जीवन रूपी लकड़ी को घुन लगाता है, और अन्दर ही अन्दर से खा डालता है। भय को निकट मत आने दो। यह बड़ा दुष्ट है। इस के वश में पड़ा हुआ मनुष्य निकम्मा हो जाता है। यह मनुष्य को नीच बना देता है। उसके मनुष्यत्व को नष्ट कर डालता है। जो आपको भय दिखाता है, समझो वह बड़ा स्वार्थी है। उसका अपना आत्मा निर्बलताओं से भरा हुआ है। उससे कभी मत डरो।
यह संसार आनन्द से पूर्ण है। उस आनन्द से वहीं आत्माएं लाभ उठा सकती हैं, जिन्होंने जीवन के उद्देश्य को समझ कर उसकी सिद्धि पर कमर बाँधी है। भीरु, कायर मनुष्य अपना शत्रु आप ही है। वह कठिनाइयों से भागना चाहता है पर भाग नहीं सकता। रोता है, चिल्लाता है, उससे उसका दुख और भी बढ़ता है। उसका जीवन कंटकमय हो जाता है। वह जहाँ जाता है, अपने दुख की गठरी साथ ले जाता है।
इसलिए दुखों तथा कठिनाइयों का मर्द बन कर सामना करो। इनसे हरगिज मत डरो। ईश्वर पर सच्चा विश्वास रखकर अपने कर्तव्य पर आरुढ़ हो जाओ और अपने दूसरे निर्बल भाइयों को दृढ़ता पूर्वक यह मन्त्र सिखलाओ - विजयी बनेंगे ! जब आपको किसी काम के करने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़े और कोई रास्ता दिखलाई न दे तो उस समय आपके अन्दर से ही यह आवाज आनी चाहिए “मैं रास्ता पा लूँगा या नया बना लूँगा” ऐसे हिम्मती लोगों के लिए दुनिया में कोई काम असंभव नहीं है।
इस संसार में सिपाही बन कर बाधाओं का मुकाबला कीजिए और कभी भी हिम्मत न हारिये, चरित्र गठन का यह एक सर्व श्रेष्ठ गुण है।

Subscribe to Knowledge lifetime: https://bit.ly/372jJ9F
Youtube: https://www.Youtube.com/Knowledgelifetime

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ