निर्भयता: जो निर्भय है उसे कोई नहीं हरा सकता है ~ Fearlessness is Unbeatable ~ Motivation

 

निर्भयता अपराजेय है |  जो निर्भय है उसे कोई नहीं हरा सकता है |

दोस्तों निर्भयता अपराजेय है| जो निर्भय है उसे इस दुनिया में कोई पराजित नहीं कर सकता है | सिकंदर और हमारे प्राचीन आध्यात्मिक साधु दण्डायन की एक छोटी घटना के माध्यम से बताने जा रहा हूँ |

एक बार पंचनंद के सेनापति बहुमूल्य घोड़े, हाथी और खजाना लेकर किसी को भेट के लिए जा रहे थे | तभी साधुओं में से एक ने सेनापति से पूछा आप सब कहाँ जा रहे हैं, पंचनद के ये बहुमूल्य घोड़े हाथी खजाना किसकी भेंट के लिए जा रहा है?

सैनिकों के बुझे चेहरे, सेनापति का मलिन मुख, सेना की यह मौन यात्रा सब कुछ विचित्र लग रही थी । कहाँ तो पंचनद की विलय-वाहिनी रण-वाद्यों का घोष करते हुए निकला करती थी, चारों ओर विजय का उल्लास फलता दिखता था। और आज यह खमोशी क्यों है भाई ?

.


कोई आगे कुछ सोचे, इसके पहले-महासेनापति ने डरते हुए स्वर से कहा- भगवान्! महाराज देवदर्शन की आज्ञा से हम सिकन्दर के लिए संधि प्रस्ताव लेकर जा रहे हैं। सैनिकों की इच्छा के विरोध में महाराज का असामयिक निर्णय जँचा नहीं पर हम विवश हैं, क्या करें?

साधु दण्डायन तड़प उठे, और बोले-यह तुम आर्यावर्त के एक-सेनापति होकर बोल रहे हो। विवशता कायरों का शब्द है। उसे मुख पर लाने से पहले तुमने राजद्रोह कर दिया होता-तो तुम यशस्वी होते, सेनापति। तुम हमारे ऋषिओं का ज्ञान कैसे भूल गए जो सिखाती है संख्या नहीं समर्थता विजय पाती है। तुम यह न भूलों कि हमारे देश के नागरिक संयमित और सदाचारी जीवन यापन करते हैं। इसलिए उनकी शक्ति का लोहा लेना सिकन्दर के लिए भी कठिन है। पराधीन जीवन जीने से पहले तुम शहीद हो गए होते तो देश के मस्तक पर कलंक का टीका लगने का अवसर तो न आता। वापस लौट जाओ- जब तक इस देश का ब्राह्मण जीवित है, तब तक राज्य पराजय स्वीकार नहीं कर सकता। तुम यह उपहार लेकर लौट जाओ। सिकन्दर से संधि नहीं युद्ध होगा, और यह निमंत्रण हम लेकर जाएँगे।

सेनापति-सैनिकों की टुकड़ी के साथ लौट गए। सभी को जैसे मन माँगी मुराद मिली। उन सबका दबा शौर्य उल्लास बनकर चेहरों पर चमकने लगा।

एक साधु दण्डायन सिकन्दर को युद्ध की चुनौती देने चला, और शेष साधुओं ने प्रजाशक्ति को जाग्रत करना-प्रारम्भ किया। देखते ही देखते जन शक्ति हथियार बाँधकर खड़ी हो गई। देवदर्शन को भी अब युद्ध के अतिरिक्त कोई मार्ग न-दिखा। सारे राज्य में रण-भेरी बजने लगी।

साधु सिकन्दर को संधि के स्थान पर युद्ध का निमन्त्रण दे इससे पूर्व गुप्तचर ने सारी बात उस तक पहुँचा दी। यूनान-सम्राट क्रोधित हो उठा। उसने साधु के वहाँ पहुँचने से पूर्व ही बन्दी बनाकर कारागार में डलवा दिया। उसके बाद अन्य तीन साधुओं को भी उसने छलपूर्वक पकड़वा लिया।

अगले दिन सिकन्दर का दरबार सजाया गया। ऐश्वर्य प्रदर्शन के सारे सरंजाम इकट्ठे थे। सबसे पहले बन्दी बनाए गए साधु दण्डायन की प्रशंसा करते हुए सम्राट ने कूटनीतिक दाँव फेंकते हुए कहा- आचार्य! आप इन सब में वीर और विद्वान हैं। आप हमारे निर्णायक नियुक्त हुए। शेष तीन साधुजनों से हम तीन प्रश्न करेंगे, इनके उत्तर आप सुनें।

एक साधु की ओर संकेत करते हुए सिकन्दर ने प्रश्न किया-तुमने देवदर्शन की प्रजा को विद्रोह के लिए क्यों भड़काया? पहले साधु ने उत्तर दिया- हमारा धर्म है कि हम हमारी संस्कृति की सुरक्षा करे, हम हमारे स्वाभिमान से बंधे हुए  है। इस देश के नागरिक स्वाभिमान का परित्याग करने की अपेक्षा मर जाना अच्छा समझते हैं। देश की रक्षा हमारा धर्म है।

सिकन्दर ने दूसरा प्रश्न किया- जीवन और मृत्यु में अधिक श्रेष्ठ कौन है?

दूसरे साधु ने उत्तर दिया- जब तक कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी भय न व्यापता हो तब तक जीवन श्रेष्ठ है। किन्तु पाप कर्म करने से पहले मृत्यु हो जाय तो वह जीवन से अच्छी।

सिकन्दर का तीसरा प्रश्न किया: संसार में जीवित मनुष्य अधिक हैं या मृतक?

तीसरे साधु ने उत्तर दिया: जीवित मनुष्य। मृत्यु तो क्षणिक-दुर्घटना मात्र है। जिसके बाद या तो जीवन रहता ही नहीं या रहता है तो भी जीवित आत्माओं की संख्या में ही आता है।

इससे पूर्व सिकन्दर अपना कोई निर्णय देता| साधुओं की निडरता को देखकर सिकन्दर के सैनिकों ने युद्ध करने से इनकार कर दिया।

वातावरण में एक पल को घनीभूत हो गई स्तब्धता। पर इस शांति को भंग करते हुए साधु दण्डायन ने निर्णय के स्वर में कहा-निर्भयता-अपराजेय है। वह और उसके तीनों शिष्य एक ओर चल पड़े। अपने सैनिकों के हठ भरे आग्रह के सामने झुककर सिकन्दर लौट चलने की व्यवस्था बना रहा था।

इसलिए दोस्तों हम निर्भयता के गुण को अपने जीवन में धारण करे | मनुष्य जितना निर्भय होगा उतना ही वह महान कार्यों का सूत्रपात करेगा।  निर्भयता वह तत्व है जो हमारी सोई हुई शक्तियों को जगा देता है। निर्भयता जीवन विकास का एक आवश्यक अंग है। निर्भयता मनुष्य की प्रगति और विकास का मार्ग खोल देती है।

नेपोलियन की सफलता का आधार निर्भीकता थी। वह विश्वासपूर्वक कहता था “वह गोली अभी नहीं बनी जो नेपोलियन को मारेगी।” निर्भयता, व्यक्ति समाज तथा राष्ट्र की सबसे बड़ी सम्पत्ति है। दोस्तों आज इस बात की आवश्यकता है कि हमारे खून में गर्मी हो, स्नायुओं में बल हो, और हम निर्भय बने |

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ